अमरावती के अस्पताल के NICU में आग, 3 नवजातों की मौत

 39 बच्चों का चल रहा था इलाज; वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गई। हादसे में 3 नवजातों की मौत हो गई, जबकि […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 24, 2026 8:50 am IST, Published 27 minutes ago

 39 बच्चों का चल रहा था इलाज; वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गई। हादसे में 3 नवजातों की मौत हो गई, जबकि कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हादसे के समय NICU में कुल 39 नवजातों का इलाज चल रहा था। इनमें से 6 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में वेंटिलेटर में धमाका हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। कुछ ही देर में पूरे यूनिट में धुआं भर गया।

हालांकि, आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।

डॉक्टरों और स्टाफ ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

आग लगने की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। स्टाफ ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई नवजातों को NICU से बाहर निकाला।

आग के कारण यूनिट में रखे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान भी जल गए। आग बुझने के बाद NICU के अंदर का सामान धुएं और आग के कारण काला पड़ गया।

AC में भी ब्लास्ट की आशंका

हादसे के बाद NICU में लगे AC को भी काफी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जांच में AC में ब्लास्ट की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी NICU में लगी थी आग

महाराष्ट्र की घटना से दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। शनिवार देर रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग लग गई थी।

इस हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे। अस्पताल स्टाफ ने फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया और बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। बाद में तीनों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।

इलाज के दौरान एक नवजात की मौत हो गई। बताया गया कि बच्चे की हालत गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर ले जाया गया था।

लगातार दो दिनों में NICU में आग लगने की घटनाओं के बाद अस्पतालों में नवजात शिशुओं की सुरक्षा और फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Advertisement